चन्दौली308 पहियों वाला विशाल ट्रक पहुंचा चंदौली, नौबतपुर बॉर्डर पर लगा देखने वालों का तांता
बेल्जियम से इथेनॉल मशीन लेकर बलरामपुर जा रहा 308 पहियों वाला विशाल ट्रक चंदौली के नौबतपुर पहुंचा, जिसे देखने के लिए हाईवे पर लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा।

चंदौली। बेल्जियम से इथेनॉल बनाने की भारी-भरकम मशीन लेकर बलरामपुर जा रहा 308 पहियों वाला एक विशालकाय ट्रक जैसे ही बिहार बॉर्डर पार कर चंदौली के नौबतपुर पहुंचा, उसे देखने के लिए स्थानीय लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। असामान्य आकार और सैकड़ों पहियों वाले इस ट्रक को देखकर इलाके में कौतूहल का माहौल बना हुआ है।
यह भारी-भरकम वाहन चंदौली के रास्ते होते हुए अपनी मंजिल बलरामपुर तक पहुंचेगा। अति-विशालकाय आकार होने के कारण ट्रक को निकालने में हाईवे पर कई तरह की तकनीकी रुकावटें आ रही हैं। नेशनल हाईवे (NH) की टीम ट्रक को सुगम रास्ता देने और सुरक्षित रूप से गुजारने के लिए कटसीला स्थित फुट ओवरब्रिज के ढांचे को खोलने के काम में जुटी हुई है। विशालकाय मशीनरी के इस सफर को देखने के लिए हाईवे के किनारे लगातार लोगों का जमावड़ा लगा हुआ है।